ब्रिटेन के विभिन्न इलाकों में रहने वाले 4 हजार से अधिक हिंदुओं ने साप्ताहिक छुट्टी के दिन रविवार को एसेक्स में इकट्ठा होकर गणेश उत्सव को बड़े धूमधाम से मनाया। उन्होंने पारंपरिक रीति रिवाजों और नृत्य के साथ-साथ भक्ति संगीत में हिस्सा लिया।
एक धार्मिक रैली के बाद हिंदुओं ने एक 6 फीट की गणेश की प्रतिमा को लेकर साउथेन ऑन-सी पर इकट्ठा हुए। इस बारे में आयोजकों ने दावा किया है कि यह भारत से बाहर मनाए जाने वाले गणेश उत्सव का सबसे भव्य समारोह था। इस रंगारंग उत्सव का आयोजन ग्रीन फोर्ड में जलाराम मंदिर संगठन ने किया था। यह संगठन साउथेन ऑन सी और ब्रिटेन के हिंदू फोरम का एक संगठन है।
ब्रिटेन के हिंदू फोरम के महासचिव रमेश कालीदइ के हवाले से बीबीसी ने लिखा है कि भारत के बाहर यह अपने तरह का एक सबसे बड़ा उत्सव था। हमने इसे बहुत खूबसूरत तरीके से मनाया। रमेश ने आगे कहा है कि यह तो एक शुरुआत है और हमें आशा है कि हर वर्ष संख्या और सामग्री के हिसाब से इसमें बढ़ोतरी होगी।
इस उत्सव में नृत्य के आयोजन के साथ भक्ति संगीत और प्रसाद का वितरण भी किया गया। गणेश उत्सव के दौरान ईमानदारी, सहिष्णुता और प्रेम के प्रतीक भगवान गणेश की प्रतिमा की पूजा की जाती है।
यह उत्सव परंपरागत रूप से 10 दिन तक चलता है। माना जाता है कि इस दौरान भगवान गणेश धरती पर आते हैं और अपने सभी भक्तों को आशीर्वाद देते हैं। भारत में यह उत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। विशेषकर पश्चिमी प्रांत महाराष्ट्र और उसकी राजधानी मुंबई में इस उत्सव का रंग कुछ अलग ही दिखता है। मुंबई के लगभग हर क्षेत्र में भगवान गणेश की बड़ी प्रतिमा स्थापित की जाती है और उनको काफी सजाया जाता है।